मैक्स अनियंत्रित होकर पलटी, मजदूर की मौत
- परिजनों ने ग्रामीणों के साथ आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग करते हुए किया थाना का घेराव
चंडौस। क्षेत्र में जामुनका के निकट लोहे के पाइप से भरी मैक्स अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पाइपों के नीचे दबकर एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं हादसे के आरोपी चालक मौके से फरार हो गए। गुस्साएं परिजनों व ग्रामीणों ने थाना का घेराब कर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार कस्बा के अहेरिया मोहल्ला निवासी 29 वर्षीय अर्जुन पुत्र विजय सिंह नल लगाने का काम करते थे। गुरुवार को वह अपने साथी वाहिद के साथ मैक्स गाड़ी से पाइप लेकर खैर की तरफ नल लगाने के जा रहे थे। तभी जामुनका के निकट मैक्स गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में अर्जुन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहिद गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मैक्स चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना पर इलाका पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करा दिया, वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। गुस्साएं परिजन व बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित होकर थाना पर पहुंच गए और आरोपी चालक अास मोहम्मद के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हंगामा करने लगे। परिजनों ने चालक पर लापरवाही से गाड़ी चलाने व अर्जुन को मौके पर छोड़कर भाग जाने का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक अर्जुन दो बच्चों के पिता थे।