महिला से कुंडल लूटकर बदमाश हुए फरार
खैर। थाना क्षेत्र के गांव मंगौला में खेतों पर काम कर रही महिला से दो बाइक पर सवार चार बदमाश चाकू के बल पर कुंडल व लौंग लूटकर फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
थाना क्षेत्र के मंगौला निवासी राधा पत्नी सतेंद्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि शुक्रवार को वह खेतों पर अकेले काम कर रही थी। तभी सुबह करीब 11 बजे दो बाइकों पर चार लोग वहां आ गए। चारों ने उसे चाकू दिखाते हुए उसके कानों से सोने के कुंडल, नाक की लौंग काे उतरवाकर लिए और मौके से फरार हो गए। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।