ड्यूटी से लौट रहे युवक से बदमाशों ने नगदी व मोबाइल लूटा
पिसावा। थाना क्षेत्र के गांव मढ़ा हबीबपुर के पास ड्यूटी से लौट रहे बाइक सवार युवक से बदमाशों ने चाकू की नौंक पर नगदी व मोबाइल फोन लूट लिया। लूट की सूचना पर पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस ने बदमाशों का काफी तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका है। वहीं पुलिस मामले को संदिग्ध मान रही है।
मिली जानकारी के अनुसार महगौरा निवासी चंद्रभान पुत्र नंदू सिंह शुक्रवार रात्रि में बाइक से ड्यूटी से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह थाना क्षेत्र में मढ़ा हबीबपुर के पास पहुंचे तभी पहले से वहां मौजूद बदमाशों ने उसकी बाइक को रोक लिया। इस दौरान बदमाश चाकू दिखाते हुए उसकी जेब में रखे 5 हजार रुपये व मोबाइल फोन को लूटकर फरार हो गए।
पीड़ित जैसे तैसे घर पहुंचा और घटना की जानकारी ग्रामीणों व थाना पुलिस को दी। युवक से लूट की सूचना पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाने के साथ ही बदमाशों की तलाश की। लेकिन काफी तलाश के बाद भी बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका। मामले में पीड़ित का आरोप है कि पुलिस लूट की जगह घटना को चोरी में दर्ज कराने का दबाब बना रही है। वहीं थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, पुलिस मामले में जांच कर रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।