विश्व का सबसे बड़ा युवा संगठन है एनसीसी : एसएस भोगल
इगलास। अलीगढ़ के एनसीसी समूह मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर एसएस भोगल ने एलबीके पब्लिक स्कूल में चल रहे उप्र 9वी वाहिनी एनसीसी शिविर निरीक्षण किया। ग्रुप कमांडर ने कैंप कार्यालय, स्टोर आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने कैडिटों को संबोधित करते हुए कहा कि एनसीसी की शुरुआत 1948 में हुई थी। एनसीसी को सशस्त्र बलों का यूथ विंग कहा जाता है। यह दुनिया के सबसे बड़े युवा संगठन में से एक है, जहां पर आपको अनुशासन और नेतृत्व के आधार पर प्रशिक्षित किया जाता है। साथ ही उन्होंने एनसीसी फायदे एवं भारतीय सेना में होने वाली अग्निवीर भर्ती के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रदान की। दिल्ली मे आयोजित होने वाले आईसीसी कैंप के लिए कैडेटों का चुनाव किया। सूबेदार आरवी वर्मा ने सैन्य कार्रवाई का प्रशिक्षण देते हुए युद्ध कौशल और बनावट के बारे में बताया। विभिन्न परिस्थितियों और मौसम से जूझते हुए दुश्मन के नजदीक जाकर मारना, भागना और उसको नेस्तनाबूद करने की कला भी कैडेटों को बताई। इस अवसर पर कमान अधिकारी कर्नल सुरेंद्रर होरा, सूबेदार मेजर विक्रम सिंह, सूबेदार इंद्रपाल, कनिष्ठ सहायक मनोज गंगवार थे।