डीआईजी ने थाना समाधान दिवस में पहुंच कर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, दिए आवश्यक निर्देश
इगलास। थाना समाधान दिवस में डीआईजी ने पहुंच कर फरियादियों की समस्याओं को सुन निस्तारण करने के लिए पुलिस व राजस्व विभाग को निर्देशित किया। इस दौरान डीआईजी ने थाने के अभिलेखों व परिसर आदि का निरीक्षण किया।
शनिवार को कोतवाली में आयोजित थाना समाधान दिवस में डीआईजी शलभ माथुर पहुंचे। उन्होंने अधीनस्थों के साथ समाधान दिवस में आए फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान चार शिकायतें दर्ज की गई। डीआईजी ने थाने के अभिलेख, कार्यालय, परिसर, माल कक्ष, शस्त्र ग्रह, पुलिस बैरक, महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर रुम आदि का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
डीआईजी ने बताया कि समाधान दिवस में सबसे अधिक भूमि संबंधी विवाद आते हैं। शिकायतों के संबंध में पुलिस व राजस्व टीम को संयुक्त रूप से निस्तारण कराने की निर्देश दिए गए हैं। भूमि विवाद के संबंध में मौके की वीडियो ग्राफी व फोटो ग्राफी करने के साथ ही कोर्ट के आदेशों का पालन करने की बात कही। इस अवसर पर सीओ डा. केजी सिंह, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।