निकाय चुनाव.. कड़ी सुरक्षा के बीच गभाना तहसील में शुरू होगें नामांकन
गभाना, बरौली, चंडौस, पिसावा नगर पंचायत अध्यक्ष एवं सभासद के लिए होंगे नामांकन
गभाना। नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण में होने मतदान को लेकर तहसील मुख्यालय पर 17 अप्रैल (सोमवार) से गभाना, चंडौस, पिसावा व बरौली नगर पंचायत के अध्यक्ष व सभासदों के नामांकन कड़ी सुरक्षा के बीच किए जाएंगे। जिसको लेकर रविवार को सुरक्षा कर्मियों ने डॉग स्क्काड के साथ नामाकंन स्थल, तहसील परिसर व नामांकन कक्षों का निरीक्षण किया। एसडीएम कुंवर बहादुर सिंह ने नामांकन प्रक्रिया को लेकर व्यवस्थाओं को देखकर उन्हें दुरूस्त कराया। एसडीएम ने बताया कि प्रत्याशी व प्रस्तावक के अलावा किसी अन्य को नामांकन कक्ष में अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने बताया कि तहसील मुख्यालय से दो सौ मीटर दूर ही वाहनों को रोका जाएगा। गभाना व बरौली से आने वाले प्रत्याशियों के वाहनों को प्रशासन की ओर से मदनधाम कालोनी में बनाई गई पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। वहीं चंडौस व पिसावा से आने वाले वाहनों को सोमना स्टेशन के पास की पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि 17 से 24 अप्रैल तक नामांकन किया जाएगा। 25 अप्रैल को नामांकनों की जांच, 27 अप्रैल को नाम वापसी व 28 अप्रैल को चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। जबकि 11 मई को मतदान होगा। जिसके लिए 10 मई को अलीगढ़ धनीपुर मंडी से सभी पोलिंग पार्टी रवाना होंगी। जबकि 13 मई को गभाना अनाज मंडी में चारों नगर पंचायतों की मतगणना की जाएगी। उन्होंने कहा कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता का कढ़ाई से पालन कराया जाएगा। तहसील के प्रवेश द्वारा पर मेटल डिटेक्टर लगाया गया है। इस दौरान तहसीलदार उदयवीर सिंह, ईओ गभाना दीपक शर्मा, नायब तहसीलदार संदीप चौधरी, इंस्पेक्टर रामकुंवर सिंह आदि मौजूद रहे।
