सबलपुर में रिफाइंड मिलाकर बनाया जा रहा था पनीर, FSDA टीम ने की छापेमार कार्रवाई
- दूध पनीर, क्रीम व पामोलिन ऑयल के लिए नमूने, 22 टीन रिफाइंड के किए सीज
गभाना। खाद्य पदार्थो में मिलावट की रोकथाम के लिए एफएसडीए की टीम लगातार छापेमारी कर कार्रवाई करने में जुटी हुई है।
इस क्रम में सोमवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय प्रधान के नेतृत्व में टीम ने क्षेत्र के गांव सबलपुर स्थित हरनारायण की पनीर फैक्टरी पर छापेमार कार्रवाई की। जहां पर टीम को पामोलिन ऑयल (रिफाइंड) मिलाकर पनीर तैयार किया जा रहा था।
जिस पर टीम ने वहां से दूध, पनीर, क्रीम व रिफाइंड के नमूने संग्रहित किए साथ ही रिफाइंड की 22 टीन (308 किग्रा) को सीज किया गया है। टीम की छापेमार कार्रवाई से अन्य डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया। वह अपनी-अपनी डेयरी को बंद कर भाग खड़े हुए।
सहायक आयुक्त खाद्य – II सर्वेश मिश्रा ने बताया कि लिए गए सेंपलों को प्रयोगशाला में भेजा गया है, रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरों के खिलाफ टीम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।