जीवन में है पौधों का विशेष महत्व : हरीमोहन अग्रवाल
इगलास। एलबीके पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल इगलास में पृथ्वी दिवस की पूर्व संध्या पर पर्यावरण की रक्षा-सुरक्षा हेतु “पृथ्वी दिवस” मनाया गया।
जिसमें विद्यालय के छोटे-छोटे नौनिहालों ने नन्हे-नन्हे हाथों से तुलसी, नीम, गेंदा, गुलाब, पीपल के वृक्ष रोपित किए तथा चार्ट-पेपर पर पर्यावरण संरक्षण हेतु रंग उकेरते हुए समस्त मानव जाति को जागृत करने का संदेश दिया। पृथ्वी दिवस के अवसर पर विद्यालय में कविता, गीत, भाषण प्रतियोगिता भी कराई गई। जिसमें विद्यार्थियों ने अपने मनोभावों को प्रकट करते हुए बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा पृथ्वी को संपूर्ण सृष्टि का जीवन आधार मानकर पर्यावरण संरक्षण के लिए संकल्पित हो, धरा का उपकार व प्रकृति का उपहार स्वरूप वरदान माना। इस संदर्भ में नीतू तौमर ने पृथ्वी दिवस दिवस के अवसर पर बच्चों को पर्यावरण के प्रति सजग रहने की सलाह दी और प्लास्टिक से होने वाली हानियों को बता कर छात्रों को उनके उपयोग से बचने की सलाह दी।

इस अवसर पर प्रबंधक हरीमोहन अग्रवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारी माता है, हम सबको इसका सम्मान करना चाहिए, हमारा पालन-पोषण करती है, धरा की शोभा वृक्षों से ही है। अतः मानव को अपने जीवन में कम से कम पांच वृक्ष अवश्य लगाने चाहिए। यह हमारे जीवन का कर्तव्य ही नहीं बल्कि उत्तरदायित्व भी है। इस अवसर पर अल्का शर्मा, नूतन मित्तल, अल्का रानी, ऋतु गॉड, अंजलि वशिष्ट सहित अनेक शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित रही।