लूट की याेजना बना रहे 6 लुटेरों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, चोरी की 5 बाइक व अवैध असलहा किए बरामद
अतरौली। थाना पुलिस ने लूट की योजना बना रहे 6 शातिर लुटेरों को दबोच लिया।आरोपियाें के कब्जे से चोरी की 5 बाइक, तीन तमंचा, कारतूसव लूट के मोबाइल बरामद हुए हैं। पकड़े गए आरोपियों ने क्षेत्र में कई लूट व चोरी की घटनाओं को कबूल किया है।
इंस्पेक्टर रणजीत सिंह ने बताया कि शनिवार रात्रि में वह मय फोर्स के क्षेत्र में अपराधियों की धड़पकड़ व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गस्त कर रहे थे। तभी मुखबिर की सूचना पर गांव जमालगढ़ी के निकट ओम सोना ढाबा के सामने चाय के खोखा के पीछे से पेट्रोल पंप के कैश लूटने की योजना बनाते हुए छह लोगों को दबोच लिया।
पूछताछ में उन्होंने अपने नाम मोनू पुत्र हरप्रसाद, कृष्णकांत उर्फ श्याम उर्फ श्यामू पुत्र जगवीर निवासीगणबूलापुर थाना पालीमुकीमपुर, विशाल पुत्र राजपाल सिंह, शैलेंद्र उर्फ सेठी पुत्र हरमोहन सिंह निवासीगणखेड़ियाधोकल थाना पालीमुकीमपुर, दीपक पुत्र सुरेश निवासी सैफपुर थाना पालीमुकीमपुर, गगन राजपूत पुत्र अतर सिंह निवासी चौमुंहा थाना अतरौली बताया।
इंस्पेक्टर ने बताया कि उनके कब्जे से चोरी की पांच बाइक, तीन तमंचा, तीन कारतूस, दो लूट के मोबाइल फोन व एक फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लुटेरों ने क्षेत्र में कई लूट व चोरी की घटनाओं को कबूल किया है। पकड़े गए आरोपियों पर अतरौली के अलावा खैर, पालीमुकीमपुर, गोधा थानों लूट, चोरी व मारपीट के कई मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि रविवार को सभी लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
गिरफ्तार करने वाली टीम में ये रहे शामिल
इंस्पेक्टर रणजीत सिंह, एसआई अरूण कुमार, एसआई मौहम्मद नफीस, हेड कांस्टेबल विकास कुमार, हेड कांस्टेबल मुकेश कुमार, कांस्टेबल संजीव कुमार, कांस्टेबल कृष्ण कुमार, कांस्टेबल अंकुश डबास