पुलिस ने एक वारंटी को किया गिरफ्तार, भेजा जेल
गभाना। थाना पुलिस ने न्यायालय से एक मामले में वांछित चल रहे एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इंस्पेक्टर गभाना रामकुंवर सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव भरतरी निवासी अतर सिंह पुत्र हरी सिंह न्यायालय में में चल रहे एक मामले में पिछली कई तारीखों से गैर हाजिर चल रहा था। जिस पर न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ वारंट जारी किया था। न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर मंगलवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर कोर्ट में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
———-
मां-बेटी को मारपीट कर किया घायल, रिपोर्ट दर्ज
गभाना। क्षेत्र के गांव महरावल में घर में घुसकर मां-बेटी को नामजद लोगों ने मारपीट करते हुए घायल कर डाला। मामले में पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज पुलिस जांच में जुटी हुई है।
महरावल निवासी रामजीला की पत्नी सुनीता देवी ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि रविवार सुबह पड़ौस के ही विनोद कुमार की बकरियां छत से उसके घर में आ गई। जब उसने पड़ौसी से बकरियों को ले जाने के लिए बोला तो आरोप है कि विनोद, उसकी पत्नी सर्वेश तथा बेटी कोमल उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उक्त तीनों लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर घर में घुस आए और उसके तथा बेटी काेमल के साथ मारपीट कर डाली। इतना ही आरोपियों ने घर में रखे सामान को भी तोड़-फोड़ दिया। चीख-पुकार सुनकर आस पड़ौस के अन्य लोग एकत्रित हो गए। जिन्हें देखकर वह जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
———–
दो अलग-अलग स्थानों पर पति-पत्नी के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज
गभाना। थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग स्थानों पर नामजद आरोपियों ने पति-पत्नी को मारपीट कर घायल कर दिया। दोनों ही मामले में पीड़ितों की ओर से थाना में मुकदमा दर्ज कराया गया है। पुलिस मामलों की जांच में जुटी हुई है।
थाना क्षेत्र के गांव परतापुर निवासी मनीष चौधरी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि रविवार शाम को वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहे थे। तभी गांव के कालू ठाकुर व उसकी पत्नी कमलेश देवी घर के निर्माण कार्य को रोकने का प्रयास करने लगे। विरोध पर दोनों ने उसके तथा पत्नी के साथ लाठी-डंडों से मारपीट करते हुए घायल कर दिया। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे आस-पड़ौस के लोगों ने उन्हें बचाया। आरोपी पति-पत्नी को जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।
वहीं दूसरा मामला एसएसपी के आदेश पर गांव कलुवा निवासी रामबाबू ने दर्ज कराया है। जिसमें उसने बताया कि 30 अप्रैल की शाम को वह घर में लेटा हुआ था। तभी गांव का बबी, उसकी पत्नी कुसुमा देवी अपने दो अन्य साथियों के साथ लाठी-डंडेव लोहे की राॅड लेकर घर में घुस अाए। और उसके मारपीट कर डाली। बीच- बचाव में आई उसकी पत्नी उर्मिला के साथ भी उक्त लोगों ने मारपीट कर डाली। पूर्व में भी उक्त लोग उसके घर के बाहर सूखने वाले कपड़ों को काट देते हैं तथा उसके घर के दरवाजे को भी तोड़ चुके हैं। वर्ष 2019 में भी उक्त लोगों ने पति-पत्नी के साथ मारपीट कर डाली थी। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह के अनुसार दोनों ही मामलों में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस मामलों की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।