बैंक में चोरी के प्रयास करने वाले चार आरोपियो को पुलिस ने किया गिरफ्तार
इगलास। कस्बे में सोमवार की रात शटर काटकर बदमाश निजी बैंक में घुस गए थे। तिजोरी को काटने का प्रयास किया था। मामले में पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली थी। इनकी तलाश में टीमें लगी थी। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है।
हाथरस रोड पर तहसील के सामने एचडीएफसी बैंक की शाखा है। सोमवार रात को तीन बदमाशों ने गैस कटर से बैंक का शटर काट दिया और शाखा परिसर में प्रवेश कर गए। अंदर तिजोरी को भी करीब एक घंटा तक काटने का प्रयास किया। घटना की जानकारी सुबह बैंक पहुंचने पर कर्मचारियों को हुई। शाखा प्रभारी वरुण शर्मा ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
सीओ डा. कृष्ण गोपाल सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज चैक किए जिसमें तीन आरोपी कैद हुए थे। एसओजी, सर्विलांस, फॉरेंसिक टीम के सहयोग से इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार पांडेय, स्वाट प्रभारी बीड़ी पांडेय, एसआई आशीष कुमार ने पुलिस टीम के साथ बुधवार की रात्रि 11: 30 बजे सासनी रोड डबल नहर पुल से गांव लधौली नगला बंजारा निवासी मोनू पुत्र करुआ, राहुल पुत्र रामबाबू, सरजीत पुत्र धर्मवीर, प्रदीप उर्फ लप्पा पुत्र संजय को गिरफ्तार किया गया था। इनके कब्जे से गैस कटर, ऑक्सीजन सिलेंडर, प्लास, बाइक आदि सामना बरामद किया गया है। मोनू से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। इनमें से तीन आरोपित बैंक में अंदर गए थे एक निगरानी के लिए बाहर खड़ा रहा था। चारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेजा गया है।
विज्ञापन
