स्वर्णकार से लूट के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
- चोरी की बाइक, तमंचा व लूटा गया सामान किया बरामद
लोधा। कस्बा से दुकान बंद कर बाइक से घर जा रहे स्वर्णकार से तमंचा के बल पर लूट करने वाले एक लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा है। उसके कब्जे से पुलिस ने चोरी की बाइक, तमंचा-कारतूस व लूट का सामान बरामद किया है।
गौड़ा के गांव मजूपुर निवासी राहुल पुत्र कैलाश कस्बा लोधा में ज्वैलर्स की दुकान चलाते हैं। बीती 10 अगस्त की रात्रि में करीब 8 बजे वह अपनी दुकान को बंद कर बाइक से गांव जा रहे थे।
उनके साथ करसुआ निवासी मनोज पुत्र धर्मपाल भी गांव तक जाने के लिए बाइक पर बैठ गया। जैसे ही वह अलीगढ़-पलवल मार्ग पर करसुआ की प्याऊ पर पहुंचे तभी वहां पर पहले से मौजूद आपचे सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर उनकी बाइक को रोक लिया था और बदमाश राहुल के हाथ में लगे थैला को लूट कर भागने लगे। जिस पर राहुल व मनोज से शोर मचाना शुरू कर दिया था।
इसी बीच वहां से गुजर रही यूपी डायल – 112 की पीआरवी को देखकर बदमाश बाइक छोड़कर फायरिंग करते हुए राजा महेंद्र प्रताप यूनिवर्सिटी दीवार फांदकर भाग गए थे।
इंस्पेक्टर ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि सोमवार को पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान खैर के बिहारीपुर निवासी सुशील उर्फ कलिला पुत्र ओमप्रकाश उर्फ बूंदा को पकड़ चोरी की आपाचे बाइक के साथ पकड़ लिया। जामा तलाशी में उसके कब्जे से तमंचा, एक जिंदा कारतूस व स्वर्णकार से लूटी गई दुकान की चाबी व लंच बॉक्स बरामद हुआ।
उन्होंने बताया कि पकड़े लुटेरे ने अपने अन्य दो साथियों के नाम बताएं हैं। जिनकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर सोमवार को जेल भेज दिया गया है।