दुकानदार को रुपये मांगने पर गोली मारने वाले आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, भेजा जेल
खैर। क्षेत्र में अरनी चौराहे पर दो दिन पूर्व सामान के रुपये मांगने पर गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर देने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हमले में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है।
यह थी पूरी घटना
क्षेत्र के गांव भारेरी निवासी 35 वर्षीय करनपाल पुत्र वीरी सिंह अरनी चाैराहे स्थित शराब ठेका के पास कैंटीन चलाते हैं, जहां पर गुरुवार शाम को बाइक पर आए दो लोगों ने उनसे सिगरेट व नमकीन मांगी। दोनों आरोपी सामान लेकर जाने लगे। जिस पर करनपाल ने उनसे रुपये मांगे थे। जिसके बाद आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से तमंचा से फायर कर दिया था। जिसमें छर्रे उनके सिर में लग गए और गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। वहीं आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
दो नामजदों के खिलाफ कराई रिपोर्ट दर्ज
मामले में कैंटीन संचालक करनपाल के बेटे रोहित ने गौंडा के तालनगर निवासी कुंवरपाल व केशव के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। जिस पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी।
तमंचा समेत एक आरोपी को किया गिरफ्तार
इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार ने बताया कि पीड़ित के बेटा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार की देर शाम को पुलिस ने मुख्य आरोपी कुंवरपाल पुत्र कल्याण सिंह निवासी तालनगर थाना गौंडा को भानेरा पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। जिसके कब्जे से हमले में प्रयुक्त तमंचा को बरामद कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को शनिवार को जेल भेज दिया गया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।