स्वयंसेवकों ने घर-घर बांटे पूजति अक्षत, जय श्री राम के लगे जयकारे
गभाना। अयोध्या में 22 जनवरी को श्रीराम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उससे पूर्व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या से आए पूजित अक्षत, पत्रक व प्रभु राम के चित्र को स्वयंसेवक घर-घर जाकर वितरण करने में जुटे हुए हैं।
शनिवार को नगर संघ चालक अनिल सारस्वत के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने मोरहना, श्यामपुर, पनिहावर, रामपुर, नगला बंजारा आदि गांवों में ढ़ोल-नगाड़ों के साथ पहुंचकर लोगों को पूजित अक्षत वितरित किए। इस दौरान लोगों ने भी रामभक्तों का स्वागत किया। स्वयंसेवकों ने लोगों से 22 जनवरी को दीपोत्सव मनाने की अपील की। अनिल सारस्वत ने बताया कि स्वयंसेवक अलग-अलग टोलियों में 15 जनवरी तक घर-घर जाकर पूजति अक्षत का वितरण करेंगे। उन्होंने बताया कि 22 जनवरी को पूरे क्षेत्र में दीवाली मनाई जाएगी, वहीं क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों पर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर भुवनेश कुमार, देवकीनंदन पांडेय, मनवीर सिंह, कपिल कुमार, जितेंद्र सिंह पम्मी, राजकुमार डिश, अनिल प्रधान, केपी सिंह आदि मौजूद रहे।