सब्जी व्यापारी से लूट के आरोपी से पुलिस की हुई मुठभेड़, बदमाश के पैर में लगी गोली
खैर। कस्बा में अनाज मंडी के पास सब्जी व्यापारी से हुई लूट के मामले में पुलिस की बदमाश से मुठभेड़ हो गई। बदमाश ने पुलिस को देखकर फायरिंग कर दी। पुलिस की जबाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के पैर में जा लगी। जिससे बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश को गिरफ्तार कर उपचार को अस्पताल में भर्ती कराया है।
तमंचा के बल पर बदमाशों ने व्यापारी से लूटे से 5.78 लाख रुपये
कस्बा के मोहल्ला मालीपुरा निवासी सब्जी व्यापारी रामेश्वर दयाल पुत्र कुवरसेन अलीगढ़-पलवल मार्ग पर कृषि मंड़ी में रामेश्वर दयाल एंड संस नाम से सब्जी की आढ़त चलाते हैं। 27 जनवरी की तड़के करीब साढ़े पांच बजे वह आढ़त पर जा रहे थे। उनका आरोप था कि जैसे ही वह मंडी के गेट पर पहुंचे तभी ब्लाॅक कॉलोनी निवासी अतुल चौधरी अपनी गली के बाहर खड़ा होकर बाइक सवार तीन लोगों से बात-चीत कर रहा था। इसी बीच वह तीनों बदमाशों से व्यापारी की तरफ इशारा करके घर की तरफ चला गया था। जिसके बाद उन तीनों बदमाशों ने उसकी बाइक को रोककर चाबी को निकाल लिया था। बदमाशों ने व्यापारी के ऊपर पर तमंचा तानकर शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देते हुए जेब में रखे मोबाइल फोन, रुपये व बाइक पर टंगे थैला जिसमें उसका वहीखाता व 5.78 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे।
मुखबिर से पुलिस को मिली थी सूचना
घटना के पुलिस टीमें बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी। शुक्रवार देर रात मुखबिर से पुलिस को बदमाश की सूचना मिली। जिस पर पुलिस ने गौड़ा रोड़ से टेटीगांव रोड़ नहर संपर्क मार्ग के पास बदमाश की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस को देखकर बदमाश ने पहले बाइक भगाई और फिर पुलिस के ऊपर तमंचे से फायर कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। इसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम संग्रामपुर निवासी अंकित कुमार पुत्र देवराज सिंह बताया।
आरोपी से लूट के रुपए हुए बरामद
सीओ खैर राजीव द्विवेदी ने बताया कि आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उसके पास से लूट के 65 हजार रुपए, एक तमंचा, जिंदा कारतूस, दो खोखे, एक बिना नंबर प्लेट की स्पलेंडर प्लस बाइक बरामद की गई है। इसके साथ ही पुलिस पर हमला करने के मामले में भी आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरोपी पर खैर थाने में ही लूट, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में 4 नामजद मुकदमें दर्ज हैं। इसके साथ ही अन्य जनपदों में भी आरोपी पर मुकदमें होने क जानकारी मिली है। पुलिस गैर जनपद में संपर्क करके आरोपी का अापराधिक इतिहास खंगाल रही है। सीओ ने बताया शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में इंस्पेक्टर खैर प्रवीण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर वीरेंद्र कुमार राणा, एसआई जगदीश, हेड कांस्टेबल सूर्य प्रताप और कांस्टेबल विजयपाल शामिल रहे।