शराब ठेकेदार को बाइक समेत जलाकर की हत्या, पुलिस जांच में जुटी
जट्टारी। टप्पल थाना क्षेत्र के गांव खंडेहा में मथुरा के शराब ठेकेदार को उसकी बाइक समेत जिंदा जला कर हत्या कर दी गई। ठेकेदार का शव रविवार को खेतों में पड़ा मिला, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लोगों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर थाना पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर जांच करने के साथ ही साक्ष्य एकत्रित किए। मृतक की शिनाख्त बाइक नंबर के आधार पर हो सकी। पुलिस ने अधजले शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
बाइक नंबर के आधार हो सकी युवक की शिनाख्त
आरोपियों ने युवक के शव और बाइक को ज्वलनशील पदार्थ डालकर पूरी तरह से जला दिया था। जिसके कारण युवक का शव आधे से ज्यादा जल चुका था। पुलिस ने मृतक के बाइक नंबर के आधार पर मृतक की शिनाख्त कराई। जिस पर उसकी पहचान मथुरा के नौहझील के गांव पारसौली निवासी सहीराम पुत्र स्व. रामचरण के रूप में हो गई।
तीन दिन पहले बाइक लेकर घर से निकला था
सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों के अनुसार सहीराम शराब का ठेकेदार था और तीन दिन पहले वह घर से बाइक लेकर निकला था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा। मृतक पांच भाईयों में चौथे नंबर का था और कुछ दिन पूर्व ही उसने अपनी तीन बीघा जमीन को बेचा था।
जल्द ही किया जाएगा खुलासा, टीम गठित
सीओ खैर राजीव द्विवेदी ने बताया कि सड़क किनारे खेत में युवक और उसकी बाइक के जले हुए अवशेष मिले हैं। बाइक के नंबर के आधार पर मृतक की पहचान मथुरा के नौहझील थाना क्षेत्र निवासी के रूप में हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और परिजनों से तहरीर ली जा रही है। घटना के खुलासे के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं, जल्द ही हत्यारों का पता लगाकर घटना का खुलासा किया जाएगा।