पुलिस ने कब्र से निकाला मासूम का शव, पोस्टमार्टम को भेजा
अतरौली में महिला ने दो बच्चों को जहर देकर खुद की थी आत्महत्या, डीएम के आदेश पर बाहर निकाला
अतरौली। थाना क्षेत्र के गांव पिलखुनी में शुक्रवार को पुलिस ने डीएम के आदेश पर तीन माह के बच्चे का शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। पिछले दिनों बच्चे को और उसके बड़े भाई को मां ने ही दूध में जहर मिलाकर पिला दिया था। इसके बाद मां ने भी आत्महत्या कर ली थी। उस समय परिजनों ने बच्चे के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए ही ही दफना दिया था। अब पुलिस को बच्चे के पोस्टमार्टम की भी जरूरत हुई, तो उन्होंने डीएम ने अनुमति लेकर शव को बाहर निकलवाया है।
घरेलू कलह के कारण मां ने दिया था जहर
अतरौली के गांव पिलखुनी में एटा निवासी आरती देवी की शादी लगभग 5 साल पहले कन्हैया लाल के साथ हुई थी। उन पर दो बेटे थे। जिसमें 3 वर्षीय बड़े बेटे का नाम पवन और छोटे का नाम अवन जिसकी उम्र करीब तीन माह ही थी।
पति कन्हैया लाल शराब पीने का आदी था और आरती इसका विरोध करती थी। शराब को लेकर आए दिन दोनों के बीच कलह होती रहती थी। बीती 23 अप्रैल को भी दोनों के बीच शराब को लेकर ही कलह हुई थी। इसी से नाराज होकर आरती ने पहले अपने दोनों बच्चों को दूध में विषाक्त पदार्थ मिलाकर दे दिया, इसके बाद खुद ने भी विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया।
मेडिकल में हुई थी आरती की मौत
विषाक्त पदार्थ मिला दूध पीने से दोनों मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि आरती की मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई थी। जिसके बाद परिजनों ने छोटे बच्चे का पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को दफना दिया था। जबकि पुलिस ने आरती व बड़े बच्चे का पोस्टमार्टम कराया था। आरती के मायके पक्ष ने ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगाया था। मायके पक्ष का कहना था कि ससुरालियों ने ही आरती और उसके दोनों बच्चों को जहर दिया है, जिसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
मजिस्ट्रेट और सीओ के सामने हुई खुदाई
दफनाए हुए शव को खुदवाने के लिए डीएम के आदेश की जरूरत होती है। जिसके लिए थाना प्रभारी की ओर से जिलाधिकारी से अनुमति मांगी गई थी। डीएम का आदेश मिलने के बाद पुलिस ने शुक्रवार शाम को तीन माह के बच्चे के शव को बाहर निकलवाया है। इस दौरान मजिस्ट्रेट और सीओ भी वहां मौजूद रहे। अब शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सीओ अतरौली अकमल खान ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है। जांच में बच्चे की पोस्टमार्टम रिपोर्ट की जरूरत पड़ रही थी, जिसके लिए शव का पोस्टमार्टम कराना जरूरी था। डीएम के आदेश के बाद शव को बाहर निकलवाया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को दोबारा दफना दिया जाएगा।