रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

महिला हिंसा को रोकने के लिए जन जागरूकता है जरूरी

इगलास। पूरी दुनिया में महिलाओं को हिंसा, शोषण व उत्पीड़न एवं दुर्व्यवहार के डर का सामना करना पड़ता है। महिला हिंसा के बढ़ते मामले चिंता का विषय है। दुनिया भर में महिलाओं के साथ हो रही हिंसा के बारे में जागरूकता पैदा करने और इसे समाप्त करने के तरीकों का पता लगाने के लिए अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन दिवस पर मंगलायतन विश्वविद्यालय में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय की एनएसएसव कदम समूह एवं विज्ञान फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में हुआ। इस दौरान महिलाओं के प्रति बढ़ रही हिंसा को नियंत्रित करने का संकल्प भी लिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित करके की गई। मुख्य अतिथि अलीगढ़ विधायक मुक्ता राजा ने कहा कि यह दिवस नारी को शक्ति शाली और संस्कारी बनाने का अनूठा माध्यम है। विशिष्ठ अतिथि एसडीएम महिमा राजपूत ने कहा कि महिलाओं को संविधान में विशेष अधिकार दिए हैं। ज्ञान अर्जित करने के साथ अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए। यदि किसी महिला के साथ हिंसा हो तो इसकी जानकारी पुलिस के साथ साझा करें। जन जागरूकता से ही महिलाओं व बच्चियों के साथ होने वाली हिंसा को रोका जा सकता है। अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलसचिव बिग्रेडियर समरवीर सिंह ने महिला सुरक्षा कानून का सख्त बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि यह दिवस महिलाओं की अस्मिता व अस्तित्व से जुड़ा हुआ है। महिलाएं सिर्फ आधी आबादी नहीं है वह समाज में 100 फीसद प्रतिनिधित्व करती हैं। कार्यक्रम को संजय प्रताप सिंह व मनीषा उपाध्याय ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कुलपति प्रो. पीके दशोरा व परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। प्रो. सिद्धार्थ जैन ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी गोपाल सिंह राजपूत, डा. सोनी सिंह, लव मित्तल का सहयोग रहा। इस अवसर पर डा. स्वाति अग्रवाल, गौरी पाराशर, रवि शर्मा, अरुण शर्मा आदि थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!