रोडवेज बस ने धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली में मारी टक्कर, पिता की मौत, बेटा घायल
अलीगढ़। थाना गांधीपार्क क्षेत्र में बौनेर के पास मंडी में धान बेचने आ रहे पिता-पुत्र की ट्रैक्टर-ट्रॉली में रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अकराबाद थाना क्षेत्र के गांव बमनोई निवासी 50 वर्षीय अशोक कुमार उर्फ पप्पू किसान थे। मंगलवार की तड़के वह ट्रैक्टर-ट्रॉली में धान लादकर धनीपुर मंडी बेचने के लिए आ रहे थे। ट्रैक्टर को उनका बेटा विवेक चला रहा था।
जैसे ही वह हाईवे पर बौनेर के पास पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रही हरदोई डिपो बस ने उनके ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अशोक की ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आरोपी चालक बस को छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायल विवेक को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। सूचना पाकर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद मृतक किसान के परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।