रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

जरूरतमंद बेटी के हाथ पीले कराने को आगे आई रोटी बैंक

इगलास। समाज में सेवा और मानवता की मिसाल पेश करते हुए श्री मुरलीवाला युवा सेवा समिति (रोटी बैंक) ने कस्बा के अलीगढ़ रोड निवासी एक जरूरतमंद कन्या के विवाह में सहयोग कर सराहनीय पहल की है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की स्थिति को समझते हुए समिति ने बेटी की शादी के लिए रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुएं एकत्रित कर सम्मानपूर्वक भेंट कीं।

समिति के सदस्यों द्वारा प्रदान किए गए सामानों में अलमारी, बेड, गद्दा, पंखा, कुर्सियां, मेज, बर्तन, कुकर, पानी की बोतलें, रजाई, कपड़े सहित चांदी की पाजेब, बिछिया और सोने की लोंग जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं। इसके साथ ही दूल्हा-दुल्हन के लिए वस्त्र और घर-गृहस्थी की जरूरतों की सामग्री भी दी गई। बेटी का विवाह 25 नवंबर को होना है। जब समिति के पदाधिकारियों को जानकारी मिली कि उसके पिता मेहनत-मजदूरी करके परिवार का पालन तो कर रहे हैं, लेकिन विवाह की तैयारियों का भारी खर्च उठाने में असमर्थ हैं, तो समिति ने तुरंत सहयोग का संकल्प लिया। रविवार को समिति के सभी सदस्य कन्या के घर पहुंचे और संपूर्ण सामग्री को माता-पिता को सौंपा। इस दौरान परिवार की आंखों में उमड़ता स्नेह और कृतज्ञता सभी को भावुक कर गया। समिति के अध्यक्ष शिवकुमार सोनी ने कहा कि समाज के वंचित वर्ग की सहायता करना ही समिति का प्रमुख उद्देश्य है। डा. लव मित्तल ने कहा कि जरूरतमंद परिवारों के सुख-दुख में साथ खड़े होकर समाज में सकारात्मक संदेश देना ही संस्था की वास्तविक पहचान है। दिनेश गोयल ने लोगों से अपील की कि ऐसे पुनीत कार्यों में आगे बढ़कर सहयोग करें और मानवता की इस श्रृंखला को और मजबूत बनाएं। इस अवसर पर रवि वर्मा, तनुज गर्ग, रवि सोनी, तरुण हिण्डोल, सुधीर कौशिक, सुधा रानी, मनीष चौधरी आदि उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!