रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

खुद के ही निर्देशों का अनुपालन न करने पर डीएम ने तहसीलदार की जमकर लगाई क्लास

– खैर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम ने सुनी ग्रामीणो की समस्याएं

खैर। तहसील सभागर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस डीएम इंद्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में डीएम ने अधिकारियों से संपूर्ण समाधान दिवस, आईजीआरएस समेत विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से आने वाली जन शिकायतों को शासन की मंशा के अनुरूप गंभीरता से लेने तथा उनका निर्धारित समय में निस्तारण कराने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शासनस्तर से शिकायतकर्ता से निस्तारण के संबंध में पुष्टि की जाती है। समस्याओं का निस्तारण करने के साथ ही शिकायतकर्ता से वार्ता कर उसे संतुष्ट जरूर किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान नांगल खुर्द के सत्यवीर सिंह ने दिए शिकायती पत्र में बताया कि मौजा खंडेहा में बंजर भूमि पर संतोष देवी ने अवैध कब्जा कर रखा है। शिकायत पर तहसीलदार न्यायालय ने पिछले वर्ष जुलाई में अवैध कब्जाधारी पर 43,560 रुपये का अर्थदंड लगाया गया था, लेकिन आज तक न तो कब्जाधारी ने अर्थदंड जमा किया और न ही तहसील की तरफ से उससे कोई वसूली की गई है। जिस पर डीएम ने गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि तहसीलदार इतने अक्षम हो चुके कि अपने ही आदेशों का अनुपालन नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने तहसीलदार कृष्ण कुमार मिश्रा को एक सप्ताह में बेदखली व वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसडीएम संजीव ओझा, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को निर्देशित किया कि राजस्व न्यायालयों की गरिमा को बनाए रखने के लिए किए गए आदेशों का समय से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। कार्यक्रम के दौरान कुल 31 शिकायती प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से मौके पर दो शिकायतों का निस्तारण कर दिया, जबकि शेष बचे प्रार्थना पत्रों को एक सप्ताह के अंदर गुणवत्तापूर्वक निस्तारण कराने के निर्देश के साथ सौंप दिया गया। कार्यक्रम में पुलिस से जुड़ी शिकायतें एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सुनी। इस दौरान सीडीओ आकांक्षा राना, एडीएम प्रशासन डीपी पाल, डीएफओ दिवाकर वशिष्ठ समेत तमात जिला व तहसीलस्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!