स्व. डा. जगदीश लवानिया की पुण्यतिथि पर होगा कवि सम्मेलन
अलीगढ़। इगलास क्षेत्र के गांव छैंछऊ के मूल निवासी व हाथरस में ब्रज क्षेत्र के प्रख्यात ब्रजभाषा के वरिष्ठ कवि एवं साहित्यकार स्व. डा. जगदीश लवानिया की द्वितीय पुण्यतिथि पर अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन उनके पैतृक गांव में होगा। इस दौरान विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। शुक्रवार को कस्बा में प्रेस वार्ता के दौरान डा. लवानिया की पुत्रवधु व ज्ञान कला संजीवनी समिति की सचिव डा. प्रीती लवानिया ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार की दोपहर से भंडारा व सांय सात बजे से कवि सम्मेलन होगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक राजकुमार सहयोगी व विशिष्ठ अतिथि हाथरस की जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय होंगी। उन्होंने बताया कि पैतृक गांव में कार्यक्रम कराने का उद्देश्य युवाओं को ब्रज भाषा व कविता से जोड़ना है। कार्यक्रम से युवा प्रेरणा लेकर नाम रोशन करें। कवि सम्मेलन में डा. विष्णु शर्मा, दिनेश रघुवंशी, डा. सरिता शर्मा, मनवीर मधुर, सुनहरी लाल तुरंत आदि प्रसिद्ध कवियों को आमंत्रित किया गया है। इस अवसर पर कानपुर के आबकारी अधिकारी प्रगल्भ लवानिया, ललित लवानिया, शाश्वत लवानिया आदि थे।

विदित रहे कि 10 जुलाई 1945 को गांव छैंछऊ में जन्मे कवि डा. लवानिया की कर्मभूमि हाथरस रही। उन्होंने हिंदी काव्य मंचों पर अपनी महत्वपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई और इन पर खुद को हास्य व्यंग्यकार के रूप में स्थापित किया। अपनी रचनाओं और लेखनी के दम पर अनेक पुरस्कार और सम्मान प्राप्त किए।