दौरऊ में युवक का शव मिलने से फैली सनसनी, नहीं हो सकी शिनाख्त
चंडौस । थाना क्षेत्र के गांव दौरऊ में रेलवे पुल किनारे गुरुवार को एक युवक का शव पड़ा होने पर सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी है। जिस पर पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों को चंडौस मार्ग पर रेलवे पुल के पास एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया। शव पड़ा होने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन शिनाख्त नहीं हो सकी। ग्रामीणों के अनुसार युवक मानसिक रूप से कमजोर था और पिछले कई दिनों से घूम रहा था।
इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने बताया कि युवक मानसिक रूप से कमजोर था, जो कि इधर-उधर घूमता रहता था। संभत: सर्दी के चलते युवक की मौत हुई है, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम हाउस की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।