बहनों ने भाइयों को मंगल तिलक कर मांगी दीर्घायु
गभाना। भाई-बहन के अटूट प्रेम-सौहार्द का प्रतीक भैया दूज पर्व बुधवार को हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर मंगल तिलक कर उनकी दीर्घायु की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंटकर उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। बहनों की ससुराल पहुंचने के लिए भाई उतावले रहे और पूरे दिन सड़कों पर वाहन दौड़ते रहे।
पंचमहोत्सव दीपावली के आखिरी दिन बुधवार को भैयादूज के दिन सुबह बहनों ने भाइयों के लिए व्रत रखा और उनके आने का इंतजार करती रहीं। भाई भी सुबह बहनों की ससुराल पहुंचने के लिए उतावले रहे। बाइक, स्कूटी, कार, बस, रेल आदि के माध्यम से बहनों के घर पहुंचे। बहनों ने भाइयों को मंगल तिलक किया और शगुन के रूप में गोला भेंट कर उनकी दीर्घायु एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। भाइयों ने बहनों को उपहार भेंट कर उनकी रक्षा-सुरक्षा का वचन देते हुए संकल्प दिया।
मार्गों पर रही भारी भीड़
भैयादूज पर्व पर बहनों के अपने भाइयों के यहां जाने के कारण सड़कों पर भारी भीड़ रही। लोगों को बसों व ट्रेनों में खडे़ होने तक की जगह नहीं मिली थी। सड़कों पर दुपहिया वाहनों व कारों की लंबी लाइन लगी रही। वहीं वाहनों की किल्लत के चलते लोगों को डग्गेमार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। इससे डग्गेमार वाहनों की खूब चांदी कटी। वाहन अत्यधिक होने के कारण सड़कों पर जाम की स्थिति रही। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के चलते जाम नहीं लगा सका।
भैया दूज पर लाखों की बिकी मिठाईयां
भैया दूज पर्व पर बुधवार को नगर समेत क्षेत्र में मिठाई का लाखों रुपये का कारोबार हुआ। मिठाई की दुकानों पर सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लगी रही। दुकानों पर सजी मिठाईयां देखते ही देखते बिक गई। दोपहर होते-होते लगभग सभी दुकानों से मिठाईयां बिक चुकी थी। वहीं हलवाई लगातार मिठाई बनाने में जुटे रहे। इस दौरान अनेक दुकानों पर दीपावली के दिन बची मिठाईयां साफ हो गई। इस दौरान दुकानदारों को बात करने तक की फुर्सत नहीं। मिठाईयों की बंपर बिक्री हाेने से दुकानदारों के चेहरे खुशी से खिले रहे।