रंजिश में पथराव , बालक घायल
इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव सरकोरिया में पुनानी रंजिश को लेकर रविवार को कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान एक बालक गंभीर रुप से घायल हो गया।
सरकोरिया निवासी बनी सिंह ने बताया कि गांव के कुछ लोग उससे रंजिश मानते हैं। इसी पुरानी रंजिश को लेकर रविवार को तीन लोगों ने घर पर पथराव कर दिया। यह लोग घर में ईंट-पत्थर फेंकने लगे। ईंट लगने से भतीजा संदीप पुत्र स्व. सत्यवीर सिंह गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद स्वजन बालक को लेकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने बालक का मेडिकल कराया है। घटना के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया है।
महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव कनौरा में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।
थाना गौंडा क्षेत्र के गांव शहरी मदनगढ़ी निवासी विमलेश (35) की शादी 15 वर्ष पूर्व कनौरा निवासी एक युवक से हुई थी। परिवार में एक 14 वर्षीय बेटी है। स्वजनों के अनुसार पिछले काफी समय से विमलेश का स्वास्थ्य खराब चल रहा था। शनिवार को स्वास्थ्य बिगड़ने पर मृत्यु हो गई। उधर मौत की खबर पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण बीमारी से होना बताया जा रहा है। कोतवाल प्रवीन कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया है।