पटाखे चलाने को लेकर हुए विवाद में किशोर को मारी गोली, मौत
अलीगढ़। अतरौली थाना क्षेत्र के गांव स्वालेपुर में दीपावली पर पटाखा चलाने को लेकर हुए विवाद को लेकर आरोपियों ने किशोर को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। वहीं आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
गांव स्वालेपुर में रविवार को दीपावली पर्व पर आतिशबाजी चलाने को लेकर धर्म सिंह व उसके परिजनों का गांव के ही राजू, उदयवीर व प्रेम सिंह ने विवाद हो गया था। मंगलवार को भी दोनों पक्षों में विवाद हो गया, लेकिन गांव के सभ्रांत लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कर दिया।
मंगलवार को धर्म सिंह के भतीजे अजय का जन्मदिन था। शाम को जन्मदिन को लेकर पार्टी चल रही थी। परिजन डांस कर रहे थे। इसी बीच बाइक सवार हमलावार वहां आ गए अौर धर्म सिंह के 16 वर्षीय बेटा लवकुश के सिर में गोली मारकर फरार हो गए। गोली लगते ही लवकुश लहुलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
परिजन लवकुश को गंभीर हालत में अतरौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई।
आठ लोगों के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
मामले में छत्रपाल सिंह की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिसमें उसने बताया कि मंगलवार को बच्चों-बच्चों में विवाद हो गया था। जिसमें राजू, सेठी, अजय, राकेश देवी, आदि ने लवकुश को जान से मारने की धमकी दी थी। शाम को विजय के घर डीजे चल रहा था। जहां पर लवकुश भी मौजूद था। तभी राजेश निवासी राजेश पुत्र यशपाल निवासी बहरावद आ गया और लवकुश को गोली मारकर भाग गया। पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी देहाल पलास बंसल ने बताया कि बच्चों में हुए विवाद में किशोर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मामले में संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन


