गभाना क्षेत्र में हाईवे पर टहल रहे युवक को टेंपो ने मारी टक्कर, मौत
गभाना। क्षेत्र के गांव बीघानगर स्थित नेशनल हाईवे किनारे टहल रहे युवक को अनियंत्रित टेंपो ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां डाॅक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
बीधानगर निवासी 24 वर्षीय टिंकू पुत्र रामप्रकाश खेतीबाड़ी करते थे। गुरुवार की सुबह वह प्रतिदिन की तरह हाईवे किनारे टहल रहे थे। तभी खुर्जा की तरफ से आ रहे लोडर टेंपो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी ट्राली में टकराया फिर टिंकू को रौंदते हुए सतीश सिंह के मकान में जा घुसा।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पाकर परिजन व थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। परिजन आनन-फानन में टिंकू को गंभीर हालत में उपचार को जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। टिंकू दो भाईयों में बड़े थे और अविवाहित थे। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया है, जबकि टेंपो को कब्जे में लेकर थाना पर खड़ा दिया है।