Industrial Park: उत्तर प्रदेश के पहले औद्योगिक पार्क का कमिश्ननर ने किया शिलान्यास
- गभाना क्षेत्र के भांकरी स्थित बन रहा है, औद्योगिक पार्क
गभाना। थाना क्षेत्र के गांव भांकरी पर प्रदेश का पहला औद्योगिक पार्क बनाया जा रहा है। जिसका मंगलवार को कमिश्नर नवदीप रिणवा ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर शिलान्यास किया।
इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की बहुत ही महत्वाकांक्षी योजना ’’प्लेज’’ के तहत प्राइवेट इंडस्ट्रीज पार्क को बढ़ावा देना है। 28 जनवरी को उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने इस योजना का पास किया और मार्च के अंत में अलीगढ़ के रूप में प्रदेश के पहले औद्योगिक पार्क की स्वीकृति प्राप्त हुई। इतनी तीव्र गति से किसी योजना का धरातल पर परिलक्षित होना ही बहुत बड़ी उपलब्धी है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत 10-50 एकड़ क्षेत्र में प्राइवेट इंडस्ट्री विकसित कर सकते हैं, इसमें 50 लाख रूपये प्रति एकड़ का ऋण 01 प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाता है। पहली किस्त के रूप में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए 3.50 करोड़ की धनराशि लाभार्थी को उपलब्ध करा दी गयी है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक पार्क स्थापना से यहां निवेश में वृद्धि होगी, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उत्तर प्रदेश की उद्योग प्रदेश के रूप में पहचान होगी।
डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने कहा कि निजी क्षेत्र के उद्यमी और निवेशक जो अपना आद्योगिक पार्क विकसित करना चाहते हैं उनके लिए प्रदेश सरकार की प्लेज योजना किसी वरदान से कम नहीं है। प्रदेश सरकार की ओर से न केवल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए धनराशि उपलब्ध कराई जाती है, बल्कि औद्योगिक पार्क में अपनी इंडस्ट्री स्थापना करने वाले उद्यमियों को भूमि रजिस्ट्री में भी छूट प्रदान की जाती है। उन्होंने बताया कि MOU होने के बाद मात्र 13 दिन में जनपद से लेकर प्रदेश स्तर की सभी औपचारिकताएं पूर्ण कर अलीगढ़ को पहला औद्योगिक पार्क मिलना गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि गभाना क्षेत्र के गांव ख्यामई में औद्योगिक क्षेत्र बनाया जा रहा है, उसी के निकट हाईवे पर गांव भांकरी पर 14.5 एकड़ में बन रहे औद्योगिक पार्क में सड़क, बिजली, जल निकासी, चार दीवारी समेत उद्यमों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा। औद्योगिक पार्क का आगाज इतने शाददार ढंग से हुआ है इसका अंजाम भी अच्छा ही होगा।
कोल विधायक अनिल पाराशर ने कहा कि प्लेज़ योजना के अंतर्गत विकसित किया जा रहा औद्योगिक पार्क MSME के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करेगा। इस निजी औद्योगिक हार्डवेयर पार्क में MSME एवं अन्य विभिन्न प्रकार के उद्यम स्थापित किए जा सकेंगे। ऐसे निवेशक जो अपना उद्यम स्थापित करना चाहते हैं और उनके पास जमीन उपलब्ध नहीं है। उनका उद्यम स्थापना का सपना पूरा होगा और आसान दरों पर भूमि बड़ी आसानी से उपलब्ध होगी। पूर्व विधायक प्रमोद गौड़ ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के दौरान निवेश प्रस्ताव देने वाले निवेशक सुगमता के साथ ज़मीन खरीद कर सरकार से किए गए अपने वादे को पूरा कर सकेंगे। संयुक्त आयुक्त उद्योग वीरेंद्र कुमार ने बताया कि औद्योगिक हार्डवेयर पार्क के निदेशक राकेश अग्रवाल को सरकार द्वारा 1 प्रतिशत ब्याज पर 7 करोड़ से अधिक की धनराशि उपलब्ध कराई गई है। अभी हाल ही में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 3.50 करोड़ का चेक प्रदान कर दिया गया। इस पार्क में हार्डवेयर औद्योगिक भूखंड तैयार होंगे, भूखंडों की संख्या लगभग 110 होगी, 500 से 800 गज तक का एक भूखंड होगा, जिसकी कीमत लगभग 20 हजार रूपये प्रति गज होगी, कीमतों में कुछ बदलाव भी हो सकता है। इस पार्क के बनने के बाद हार्डवेयर की अलीगढ़ में तमाम बड़ी कंपनियां आने की भी संभावना जताई रही है, जिससे कि लोगों को रोजगार मिलेगा। इस मौके पर औद्योगिक हार्डवेयर पार्क के निदेशक राकेश अग्रवाल, नेकराम शर्मा, उमेश दत्ता समेत विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।