बेटी ने डटकर मगरमच्छ का किया सामना, मां को चंगुल से छुड़ाया
अतरौली। क्षेत्र के गांव अहमदपुरा में 14 वर्षीय बेटी ने अपने साहस का परिचय देते हुए मां को मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ा लिया।
गांव अहमदपुरा निवासी शोभाराम की पत्नी सत्यवती शुक्रवार को 14 वर्षीय बेटी गुड़िया के साथ पशुओं को चारा लेने के लिए गई थी। दोनों मां बेटी काली नदी के पास घास काट रही थी। तभी नदी में से मगरमच्छ ने निकलकर सत्यवती पर हमला करते हुए उनके हाथ को अपने जबड़े में दबा लिया। मां की चीख पुकार सुनकर बेटी दौड़ कर मौके पर पहुंच गई। बेटी गुड़िया ने साहस का परिचय देते हुए हाथ में लगी दरांती से मगरमच्छ पर प्रहार कर उसकी आंख को फोड़ दिया। चोट लगते ही मगरमच्छ व्याकुल होकर महिला को छोड़कर नदी में भाग छूटा।
जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण व परिजन मौके पर एकत्रित हो गए। परिजनों ने घायल सत्यवती का एक निजी चिकित्सक के यहां पर उपचार कराया। वहीं ग्रामीणों ने मगरमच्छ को काफी तलाश किया, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लग सका। बेटी के साहस की क्षेत्र में सभी तारीफ कर रहे हैं।
विज्ञापन
