रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

युवती ने होटल स्वामी पर छेड़छाड़ का लगाया आरोप, रिपोर्ट दर्ज

अलीगढ़। रोरावर क्षेत्र स्थित एक होटल में होटल स्वामी व उसके अन्य साथियों पर युवती ने छेड़छाड़ करने व कपड़े फाड़ देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।

मामले में बन्नादेवी के सारसौल की एक युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई कोर्ट से जारी वारंट के आधार पर जेल में है। जिसे छुड़ाने को एक परिचित ने गुरुवार शाम को रोरावर स्थित एक होटल में ऊपरी मंजिल पर बुलाया। जब वह वहां पहुंची तो वहां पर पहले से ही तीन लोग मौजूद थे। उसके पहुंचते ही तीनों उसके साथ छेड़छाड़ करने लगे। आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो उक्त लोगों ने गाली-गलौज करते हुए उसके कपड़े फाड़ डाले और उसके मोबाइल को छीनकर तोड़ डाला। बमुश्मिल उसने तीनों लोगों के चंगुल से छुड़ाकर सूचना पुलिस को दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन उससे पूर्व ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। जलालपुर चौकी प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

झारखंड के युवक की छ्त से गिरकर हुई मौत

लोधा। रोरावर क्षेत्र में झारखंड के युवक की छत से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार झारखंड के थाना जमाड़ा के गांव मरलाठ निवासी 45 वर्षीय सरफुद्​दीन पुत्र अंसारी रोरावर थाना क्षेत्र स्थित एक मीट फैक्टरी में मजदूरी करता था। वह फैक्टरी के पास बने कमरों में अन्य मजदूरों के साथ रहता था। गुरुवार रात्रि में वह छत पर सो रहा था। तभी लघुशंका जाने के दौरान उसका अचानक से पैर फिसल गया। जिससे पर नीचे जा गिरा। जानकारी पर उसके साथी उसे उपचार को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी पर परिजन भी अलीगढ़ पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!