गभाना: हाइवे पर बेसहारा गोवंश बना काल, शादी से लौट रहे युवक की मौत, साथी गंभीर रूप से घायल
गभाना। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवारा पशुओं का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ है। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पला सल्लू गांव के समीप सड़क पर अचानक आए एक बेसहारा गोवंश से टकराकर बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
शादी समारोह से लौट रहा था युवक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, चुआवली गांव निवासी 23 वर्षीय प्रशांत कुमार पुत्र मेघ सिंह बीघानगर की एक फैक्ट्री में कार्यरत थे। गुरुवार की देर शाम वह अपने दोस्त राजकुमार के साथ भमरौला गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात जब दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे, तभी पला सल्लू गांव के पास हाईवे पर अचानक एक गोवंश उनकी बाइक के सामने आ गया। जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सीधे गोवंश से टकरा गई।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत टोल एम्बुलेंस बुलाई और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। प्रशांत की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, लेकिन बदकिस्मती से वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके साथी राजकुमार का इलाज चल रहा है।
परिवार में मचा कोहराम
23 साल के प्रशांत सात भाई-बहनों में छठे नंबर पर थे। महज एक साल पहले ही उनकी शादी हुई थी और उनकी पत्नी आठ महीने की गर्भवती हैं। इस हादसे ने आने वाले नए मेहमान की खुशियों को पल भर में उजाड़ दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।