चोरी की बाइक व ट्रैक्टर छोड़कर भागे बदमाश, पुलिस तलाश में जुटी
लोधा। कस्बा में मूसेपुर मार्ग पर पुलिस को गस्त करता देख बदमाश चोरी की बाइक व ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए। पुलिस ने बाइक व ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर लोधा ब्रह्मप्रकाश ने बताया कि मंगलवार की देर रात्रि कांस्टेबल धर्मेंद्र खारी, विजयपाल गुर्जर होमगार्ड साथी राजेंद्र कुमार यतेंद्र कुमार कस्बा लोधा में गस्त कर रहे थे। तभी मूसेपुर मार्ग पर अलीगढ़ की तरफ से बाइक सवार एक युवक व ट्रैक्टर दो युवक लाइट बंद कर तेजी से मूसेपुर की तरफ जा रहे थे। जिस पर पुलिस टीम को शक हुआ। पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया।
जिस पर बदमाश गांव ल्होसरा के पार ट्रैक्टर व बाइक को छोड़कर जंगलों की तरफ भाग गए। पुलिस ने बदमाशों को काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चल सका। इंस्पेक्टर ने बताया कि बदमाशों ने बाइक को इगलास क्षेत्र से चोरी किया था, जहां पर मुकदमा भी दर्ज है। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर मालिक का पता लगाया जा रहा है साथ ही बदमाशों की भी तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।