रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

हादसे में बुझ गया परिवार का इकलौता चिराग

पांच दिन पूर्व हाईवे महरावल पुल के पास हुआ था हादसा

गभाना। हाईवे पर महरावल पुल के पास पांच दिन पूर्व अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान जेएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार के इकलौता चिराग बुझ जाने के बाद कोहराम मच गया।

जवां थाना क्षेत्र के गांव नगलिया कलां निवासी अनुराग सिंह पुत्र मनवीर सिंह भरतरी स्थित एक कंपनी में नौकरी करता था। बीती 21 मई की शाम को वह घर जाने के लिए हाईवे पर महरावल पुल के पास किसी वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी थी। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। पुलिस ने घायल को अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती करा दिया था। जहां पर गुरुवार रात्रि में उपचार के दौरान 28 वर्षीय अनुराग ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक परिवार का इकलौता बेटा था। उसने अपने पीछे पत्नी काजल व डेढ वर्षीय बेटी को रोते-बिलखते हुए छोड़ा है।

————

महिला से छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज

इगलास। कोतवाली की हस्तपुर चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला का आरोप है कि गांव के ही राजपाल पुत्र बाबूलाल ने उसके साथ बुधवार की शाम को छेड़छाड़ कर डाली। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ गाली- गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। थाना पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, गांव कारेका निवासी विजेंद्र सिंह पुत्र नवाब सिंह ने कोर्ट के आदेश पर गांव उडंबरा निवासी हरवीर सिंह पुत्र प्रेमपाल सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि हरवीर ने उससे दो लाख 70 हजार रुपये उधार लिए थे। रुपये बापस मांगने पर गाली गलौज की। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।

———

मंदिर के बहाने किशोरी को ले गया दोस्त के घर, किया दुष्कर्म

अलीगढ़। थाना बन्नादेवी क्षेत्र के कांशीराम आवास में रहने वाली एक किशोरी को पड़ौसी अपने साथ मंदिर घुमाने के बहाने दोस्त के घर बुलाकर ले गया। जहां आरोपी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म कर डाला, बाद में आरोपी उसे किसी को बताने पर जान मारने की धमकी देते हुए घर छोड़ गया।

मामले में शुक्रवार को पीड़िता की मां ने शुक्रवार को एसएसपी दफ्तर पर गुहार लगाते हुए बताया कि पति की कई वर्षों पूर्व मौत हो चुकी है। वह लोगों के घर में जाकर काम करने परिवार का भरण-पोषण करती है। बीती 18 मई को काम करने गई हुई थी। तभी पड़ोस में रहने वाला युवक उसकी 15 वर्षीय छोटी बेटी को सांई मंदिर घुमाने के बहाने घर से बुला ले गया। लेकिन वह बेटी को मंदिर की जगह अपने एक परिचित के घर ले गया। जहां पर उसने बेटी के साथ दुष्कर्म कर डाला। आरोप है कि आरोपी बेटी को किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए घर छोड़ गया। जब वह काम से वापस घर पहुंची तो बेटी डरी हुई थी। काफी पूछताछ करने पर उसने आप बीती सारी बातें रोते-रोते बताई। जिसे सुनकर उसके पेरों तले जमीन खिसक गई। आरोप है कि जब उसने आरोपी से इसका विरोध करने के साथ ही पुलिस में शिकायत करने की बात कही ताे आरोपी ने उसे भी जाति सूचक शब्दों से अपमानित करते हुए गाली गलौज कर डाली और जान से मारने की धमकी दी। आरोपी अपने साथ 8-10 लोगों को बुला लाया और उसके घर में घुसकर जमकर मारपीट कर डाली। मामले में एएसपी पुनीत द्विवेदी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर मामले में जांच की जा रही है।

———-

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!