रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बाबा साहेब की प्रतिमा को अराजक तत्वों ने किया क्षतिग्रस्त, हंगामा

चंडौस। क्षेत्र में अराजक तत्व लगातार माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र के गांव बाहरपुर में अराजक तत्वों ने पार्क में लगी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। जब लोगों को इसकी जानकारी मिली तो लोगों में रोष पनप गया और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ गभाना एएसपी अमृत जैन समेत चंडौस पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को शांत कराया। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि जल्दी ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद लोग शांत हुए।

फारेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
थाना क्षेत्र के गांव बाहरपुर में पार्क में भारत रत्न बाबा साहेब की मूर्ति लगी हुई है। आरोपियों ने मंगलवार को इसे क्षतिग्रस्त कर दिया। दोपहर बाद लोगों को घटना की जानकारी हुई तो यह मामला गरमाता रहा और लोगों में रोष भरा रहा। वहीं अधिकारियों ने तत्काल मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
घटना के बाद जहां पुलिस टीम मौके पर पहुंची, वहीं दूसरी ओर फारेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच गई। फारेंसिक टीम ने क्षतिग्रस्त प्रतिमा के आसपास के फारेंसिक और डिजिटल साक्ष्य जमा किए, जिससे कि आरोपियों की पहचान जल्द से जल्द हो जाए।पहले भी तोड़ी जा चुकी है मूर्ति
घटना के बाद ग्रामीणों में रोष काफी ज्यादा था। उनका कहना था कि लगातार बाबा साहेब की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करके लोगों की भावनाओं को भड़काने का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना से पहले भी चार बार प्रतिमा पर हमले करके उसे क्षतिग्रस्त किया जा चुका है।
लोगों ने पुलिस के सामने मांग रखी कि अराजक तत्व के लोगों को गिरफ्तार किया जाए, क्षतिग्रस्त प्रतिमा को हटवाकर वहां पर नई प्रतिमा लगाई जाए तथा पार्क में सीसीटी कैमरे लगवाए जाएं। जिसके बाद अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया है कि जल्द ही पार्क में नई मूर्ति स्थापित की जाएगी। एएसपी अमृत जैन ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को टीमों का गठन कर दिया गया है, जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!