रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

बिजली चोरी रोकने को टीम ने चलाया छापेमारी अभियान, पांच पर रिपोर्ट दर्ज

गभाना। विद्युत विभाग की टीम ने मंगलवार को बिजली चोरी रोकने को लेकर छापेमारी अभियान चलाते हुए दो गांवों में पांच लोगों के घरों में चोरी से बिजली जलते हुए पकड़ ली। एसडीओ अमित कुमार, एसडीओ हिमांशु गुप्ता व जेई गजराज सिंह के नेतृत्व में टीम ने लालपुर नगला बंजारा में अनिल कुमार, सुरेंद्र सिंह, विजेंद्र सिंह व भूपाल नगलिया में लेखराज सिंह, धर्मेंद्र कुमार आदि के घरों में चोरी से बिजली जलते हुए पकड़ ली। मामले में जेई की ओर से उक्त पांचों लोगों के खिलाफ बिजली चोरी अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत कराया है। जेई गजराज सिंह ने बताया कि बिजली चोरी रोकने व बकाएदारों के खिलाफ टीम का छापेमार अभियान प्रतिदिन जारी रहेगा।

 

युवक की छत से गिरकर मौत, दूसरे दिन मिला शव

पिसावा। क्षेत्र के गांव डेटा खुर्द में छत पर टहलने गए युवक की गिरकर मौत हो गई। परिजनों के तलाश करने पर युवक का शव दूसरे दिन पड़ौसी के घेर में पड़ा मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार डेटा खुर्द निवासी 40 वर्षीय बालकिशन पुत्र राजेंद्र सिंह रविवार शाम को घर की छत पर टहलने के लिए गए थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से पड़ौसी के घेर में गिर पड़े। काफी देर तक वह नीचे नहीं पहुंचे तो परिजनों ने छत पर उन्हें तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका। सोमवार की देर शाम को परिजन तलाश करते हुए पड़ौसी की घेर की तरफ गए वहां पर बालकिशन का शव पड़ा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना के बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक तीन बच्चों के पिता थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!