बुराई पर अच्छाई की जीत, धूं-धूं कर जला अहंकार रूपी रावण का पुतला
- सोमना व वीरपुरा में राम-रावण युद्ध के बीच हुआ पुतला दहन
गभाना। एक बार फिर असत्य पर सत्य की जीत हुई। विजयदशमी के पावन पर्व पर गभाना क्षेत्र में कई स्थानों पर बुराई के प्रतीक लंकापति दशानन रावण का पुतला दहन किया गया। मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम के धनुष से निकला अग्नि बाण जैसे ही असत्य व अधर्म के प्रतीक रावण की नाभि पर लगा वैसे ही पुतला धूं-धूंकर जल उठा। इस दौरान समूचा क्षेत्र जय श्री राम के जयकारों से गूंज उठा।
क्षेत्र के गांव वीरपुरा में गंगादास कोल्ड स्टोर के संकट मोचक हनुमान मंदिर प्रागंण में पूर्व प्रधान स्वर्गीय राधेश्याम शर्मा की स्मृति में काली की शोभायात्रा निकालकर रावण का पुतला दहन किया गया। शोभायात्रा का शुभारंभ के इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह व प्रबंधक डा. अजय शर्मा ने पूजा अर्चना कर व हरी झंडी दिखाकर किया। यहां आचार्य बंटी सिंह, भाकियू भानू के युवा जिलाध्यक्ष कृष्णा ठाकुर, डिंपल सिंह, नवीन सिंह, कोमल सिंह आदि मौजूद रहे।
सोमना में रेलवे फाटक के पास राम-रावण के युद्ध की लीला का मंचन हुआ जिसमें काली स्वरूप के करतबों को देख तमाम दर्शक रोमांचित हो गए। शुभारंभ चेयरमैन अभिमन्युराज सिंह ने किया। जैसे ही राम ने रावण के पुतले पर तीर छोड़कर उसका दहन किया, वैसे ही पूरा मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा।रावण के पुतला दहन को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
आयोजन में अंशुमान सिंह, बृजमोहन शर्मा, अमित सिंह, सुमित सिंह, सोनपाल सिंह, लोकेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, शुभम सिंह, गौतम सिंह, टीटू सिंह, पिंकू आदि मौजूद रहे। कस्बा की सारस्वत विहार कॉलोनी में भी रावण के पुतले का दहन किया गया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से इलाका पुलिस बल मुस्तैद रहा।