रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

25 हजार के इनामिया सहित गिरोह के तीन सदस्य गिरफ्तार, 11 लाख का माल बरामद

इगलास। थाना इगलास पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त टीम ने भैंस चोरी में लिप्त शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 25 हजार रुपये के इनामिया समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की 5 भैंसें, 3 अवैध चाकू, एक स्कॉर्पियो, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, नकदी सहित करीब 11 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अमृत जैन, क्षेत्राधिकारी इगलास महेश कुमार और प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन शातिर अभियुक्त अलीगढ़-मथुरा रोड स्थित मंडी रोड के निकट खेत में छिपे हैं। टीम ने घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में सत्यपाल पुत्र ओंकार सिंह निवासी करथला थाना इगलास, चन्द्रपाल व कुलदीप पुत्रगण राजेन्द्र उर्फ सुल्ला निवासी कन्होई थाना गभाना शामिल हैं। इनमें कुलदीप पर थाना अतरौली में दर्ज मुकदमे में 25,000 का इनाम घोषित था।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह पूर्व में जेल में एक साथ बंद थे, जहां उनकी आपस में जान-पहचान हुई और बाहर निकलकर इन्होंने संगठित गिरोह बनाकर भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। चोरी की गई भैंसों को अभियुक्त सत्यपाल अपने गांव ले जाकर 20,000 प्रति भैंस की दर से आगे बेचता था और पैसे चारों में बराबर बांट लिए जाते थे। अब तक इस गिरोह के कुल पांच सदस्य गिरफ्तार किए जा चुके हैं। गिरोह द्वारा विभिन्न थानों में दर्ज करीब दो दर्जन से अधिक मुकदमों में संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े आपराधिक इतिहास की भी पुष्टि की है, जिसमें गौवध, पशु चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले शामिल हैं।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!