प्रेमिका के परिजनों को फंसाने के लिए युवक ने चाकू घोंपकर की थी पिता की हत्या
अलीगढ़। अलीगढ़ रेलवे स्टेशन की निर्मांणाधीन भवन के शौचालय में गुरुवार रात्रि में चाकू से गोदकर बुजुर्ग की हत्या उसके बेटे ने ही प्रेमिका के परिजनाें को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए की थी
एसपी जीआरपी आगरा मो. मुश्ताक ने शनिवार को मीडिया को बताया कि गांव पुराहार (अलीगंज), एटा निवासी 60 वर्षीय महेंद्र प्रताप यादव गांव में ही मेहनत मजदूरी करते थे। महेंद्र का बड़ा बेटा अनुराग उर्फ जॉनी पानीपत (हरियाणा) में मजदूरी करता था। इसी दौरान उसका मकान मालिक की विवाहित पत्नी एवं तीन बच्चों की मां सोनम के साथ प्रेम संबंध हो गए थे। सोनम बिहार की रहने वाली थी। तीन साल पहले एक दिन वह उसे लेकर गांव में भाग आया था। करीब डेढ़ माह तक अनुराग पति की तरह साथ रहा। उसके बाद सोनम बच्चों से बिहार में मिलने की कहकर चली गई। जब वह उसे लेने बिहार पहुंचा तो उसने आने से मना कर दिया। कुछ दिन बाद उसे पता चला कि सोनम फिर से पहले पति के पास पानीपत चली गई है। सोनम के बिना उसका मन नहीं लगता था। इस पर वह सोनम के पड़ोस में जाकर रहने लगा। इसी बीच झगड़ा हुआ और पंचायत हुई तो उसने पिता महेंद्र प्रताप यादव को बुला लिया। काफी समझाने पर भी सोनम ने पति का साथ छोड़ने से मना कर दिया। बात न बनने पर पिता ने उसे समझाया और अपने साथ गांव वापस लेकर जा रहे थे। अनुराग ने पूछताछ में बताया कि वह सोनम के पति और उसके मायके पक्ष से बेहद नाराज था, क्योंकि उनकी वजह से सोनम उससे दूर चली गई थी। इस पर उसने उन्हें सबक सिखाने की योजना बना ली। पानीपत से आते समय रास्ते में उसने पिता की हत्या कर सोनम के पति और परिजनों को फंसाने की योजना बना ली। उसने पानीपत से एक चाकू, चूहे मारने की दवा और शराब की बोतल खरीद ली। अलीगढ़ स्टेशन पर आने पर उसने बहाने से पिता को चूहे मारने की दवा को शराब में मिलाने के बाद पिला दिया। नशे में धुत में हो जाने पर वह पिता को शौचालय में बुलाकर ले गया और उसने चाकू से वार कर मौत के घाट उतार दिया। फिर मनगढंत कहानी बनाते हुए डायल 112 नंबर, मां को फोन पर सूचना देने के साथ ही जीआरपी थाने पहुंचकर पिता की हत्या की खबर दी थी। उसे भरोसा था कि उसके इस कथन पर पुलिस भरोसा कर लेगी और सोनम के पति और परिजनों को पकड़कर जेल भेज देगी। जूते व पैंट पर खून के कुछ धब्बे नजर आने पर पुलिस को शक हो गया। जीआरपी को पहले उसने अज्ञात लोगों द्वारा मारपीट करने की बात कही, बाद में प्रेमिका सोनम के पति, माता, पिता, बहन एवं अन्य परिजनों पर हत्या करने का आरोप लगा दिया। पुलिस आरोपी को लेकर पानीपत पहुंची। जहां पुलिस ने छानबीन की तो सोनम और उसके परिजन मौके पर मिले। मोबाइल फोन की लोकेशन भी वहीं की मिली। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो अनुराग उर्फ जॉनी ने पिता की हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू का टूटा हैंडल भी बरामद हुआ है। जीआरपी से शनिवार को आरोपी बेटा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
