ट्रांसफार्मर में लगी आग, लोगों में मचा हड़कंप
गभाना। कस्बा के लाखा बाजार में जीटी रोड़ किनारे लगे ट्रांसफार्मर में बुधवार सुबह अचानक से आग लग गई। जिससे लोगों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। ट्रांसफार्मर में आग लगने से लाखा बाजार, रामपुर व सारस्वत बिहार कालोनी की आधी आबादी की बिजली गुल हो गई। हालांकि देर शाम को विद्युत विभाग की टीम ने दूसरा ट्रांसफार्मर रखवा कर आपूति को सूचारू कर दिया। कस्बा में जीटी रोड पर एक ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। सुबह करीब दस बजे ट्रांसफार्मर पर एक बंदर व कबूतर बैठा हुआ था। तभी अचानक से एक जोरदार धमाके के साथ फाल्ट हुआ। बंदर तो मौके से भाग गया लेकिन कबूतर मर गया। देखते ही देखते ट्रांसफार्मर से ऊंची-ऊंची आग की लपटें उठने लगी। ट्रांसफार्मर में आग लगने से आस-पड़ोस के लोग में हड़कंप मच गया। वह अपनी दुकानें व घर छोड़कर भाग निकले। जानकारी पर विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने विद्युत आपूर्ति को बंद कराने के साथ ही ग्रामीणों की मदद से आग को मिट्टी, पानी आदि डालकर बुझा दिया। जिस लोगों ने राहत की सांस ली। जेई गजराज सिंह ने बताया कि देर शाम को ट्रांसफार्मर को बदलवा कर आपूर्ति को सुचारू करा दिया गया।
दो पक्षों में हुई मारपीट, एक पक्ष ने एक लाख रुपये लूटने का लगाया आरोप
लोधा। थाना रोरावर के नायरा पेट्रोल पंप के सामने खाली पड़े मैदान में किसी बात को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें एक पक्ष के लोगों की कार के शीशों को दूसरे पक्षों के लोगों ने तोड़ दिया। मामले में एक पक्ष ने दूसरे पर पक्ष एक लाख रुपये लूट लेने का आरोप लगाया है।
थाना रोरावर क्षेत्र के नयारा पैट्रॉलपंप के सामने खाली मैदान पड़ा है। जहां पर युवा क्रिकेट खेलने के अलावा सेना में भर्ती की तैयारी आदि करते हैं। बुधवार दोपहर को जलालपुर निवासी मोहम्मद शाहिद पुत्र मोहम्मद सलीम अपने मित्र के साथ कार से मैदान में पहुंच गया। शाहिद ने बताया कि वह क्रिकेट देख रहा था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने दोनों के साथ मारपीट कर डाली और कार के शीशे भी तोड़ डाले। शाहिद ने आरोप लगाया कि उक्त लोगों ने उनसे एक लाख रुपये भी लूट लिए हैं। वहीं दूसरे पक्ष के एक युवक ने बताया कि कार सवार दोनों युवक वहां पर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उन्होंने वहां पथे उपलों को तोड़ना शुरू कर दिया। विरोध पर उक्त लोग मारपीट करने लगे। लूट की सूचना पुलिस टीम में हड़कंप मच गया और वह मौके पर पहुंच गई तथा दोनों पक्षों को थाना ले आई। इंस्पेक्टर रोरावर राजेश कुमार ने बताया कि मामला लूट का नहीं बल्कि आपस में मारपीट का था। दोनों पक्षों ने पुलिस की मौजूदगी में आपस में लिखित में समझौता कर लिया है। पुलिस ने दोनों पक्षों को कड़ी हिदायत देकर घर भेज दिया।