बाइक व मोपेड में हुई आमने- सामने भिड़ंत, बाइक व मोपेड सवार दो लोगों की हुई मौत
अलीगढ़। थाना बरला क्षेत्र में गांव चांदगढ़ी मोड़ के पास बाइक व मोपेड में आमने सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक व मोपेड सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। जिन्हें पुलिस ने छर्रा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। पुलिस ने दोनों शवो को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हादसे के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार अकराबाद क्षेत्र के गांव दभी निवासी 30 वर्षीय शेरपाल पुत्र अशोक कुमार गांव के ही मनोज व बबलू के साथ अतरौली एक फैक्टरी में नौकरी करते थे। रविवार शाम को तीनों एक बाइक से ड्यूटी करने के बाद गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह बरला थाना क्षेत्र के गांव चांदगढ़ी मोड़ के पास पहुंचे तभी सामने से आ रही मोपेड से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
हादसे में शेरपाल के अलावा मोपेड सवार 32 वर्षीय सतीश कुमार पुत्र राम सहाय निवासी खरगूपुरा थाना बरला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि मनोज व बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ मौके पर एकत्रित हो गई। सूचना पाकर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को उपचार को छर्रा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करा दिया, वहीं दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। हादसे के बाद मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उनका रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।