श्री राम मंदिर में अराजक तत्वों ने तोड़ी मूर्तियां, हंगामा
अलीगढ़। थाना हरदुआगंज क्षेत्र के गांव बुढ़ासी में सोमवार को अराजक तत्वों ने माहौल खराब करने की कोशिश करते हुए सैकड़ों साल पुराने प्राचीन मंदिर में श्रीराम दरबार की मूर्तियां तोड़ दी। लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो उनका गुस्सा फूट पड़ा। मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा होने लगे और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों की ओर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी गई है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
श्रीराम दरबार की मूर्तियां की खंडित
अराजक तत्वों ने मंदिर में रखी श्रीराम दरबार की मूर्तियां ही खंडित की हैं। जिससे कि माहौल को खराब किया जा सके। मंदिर गांव के पास ही खेतों के किनारे बना हुआ है। सुबह जब गांव के लोग मंदिर में पूजा करने पहुंचे तब उन्हें मंदिर में तोड़फोड़ व मूर्तियां क्षतिग्रस्त दिखी। जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण यहां पर एकत्रित हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर एसओ हरदुआगंज रवि चंद्रवाल अपनी टीम के साथ पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने ग्रामीणों से तहरीर लेकर मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है और लोगों से पूछताछ की जा रही है।
मंदिर में तीसरी बार हुई तोड़फोड़ की घटना
ग्रामीणों ने बताया कि अराजक तत्व कई बार गांव का माहौल खराब करने की कोशिश कर चुके हैं। यह तीसरा मौका है, जब मंदिर में घुसकर तोड़फोड़ की गई है। पहले भी मंदिर दो बार तोड़फोड़ हुई है और मूर्तियां क्षतिग्रस्त की गई है। पुलिस ने पूर्व में मामले में खानापूर्ति करके काम चला दिया।
अब यह तीसरी बार घटना हुई है। उन्होंने ग्रामीणों की ओर से तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही इस घटना के बाद से ग्रामीणों में काफी रोष है। अगर अब पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करके आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो ग्रामीण आंदोलन करने पर मजबूर हो जाएंगे।
पुलिस ने बदलवायी मंदिर की मूर्तियां
मंदिर में मूर्तियां क्षतिग्रस्त होने की सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने क्षतिग्रस्त मूर्ति के स्थान पर नई मूर्तियां स्थापित कराई। जिसके बाद गुस्साए ग्रामीण शांत हुए। वहीं पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीम का गठन किया है। सीओ अतरौली अकलम खान ने बताया कि ग्रामीणों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। खंडित हुई मूर्तियों को बदलवा दिया गया है, जिससे कि शांति व्यवस्था बनी रहे।