निकाय चुनाव : पहले दिन किसी ने नहीं किया नामांकन, चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था
गभाना, चंडौस, पिसावा व बरौली नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के 59 व सदस्यों के 129 उम्मीदवारों ने खरीदे नामांकन पत्र
गभाना। नगरीय निकाय चुनाव के दुसरे चरण के नामांकन के पहले दिन गभाना, चंडौस, पिसावा बरौली नगर पंचायत में एक भी नामांकन पत्र जमा नहीं हुआ, वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष पद के 59 उम्मीदवार व 129 सदस्यों ने पहले दिन नामांकन पत्र खरीदे।
बता दें कि तहसील की नवसृजित नगर पंचायत गभाना, चंडौस, पिसावा व बरौली में पहली बार नगरीय चुनाव दूसरे चरण में 11 मई को होगा। जिसके लिए तहसील परिसर में सोमवार से 24 अप्रैल तक अध्यक्ष व सदस्यों के नामांकन जमा किए जाएंगे। पहले दिन संबंधित अधिकारी सुबह समय से पहुंच गए और जमा करने वालों का इंतजार करते रहे, लेकिन चारों ही नगर पंचायताें का एक भी उम्मीदवार नामांकन कराने नहीं पहुंचा। गभाना नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 27 व सदस्य के 53, चंडौस नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 13 व सदस्य के लिए 30, पिसावा नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 11 व सदस्य के लिए 20 तथा बरौली नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए 08 व सदस्य के 26 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे। वहीं तहसील परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। एसडीएम केबी सिंह, सीओ सुमन कनौजिया, तहसीलदार उदयवीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप चौधरी व इंस्पेक्टर गभाना राम कुंवर सिंह सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। वहीं तहसील परिसर में आने वाले वाहनों को बैरीकेडिंग कराकर दौ सौ मीटर दूर ही रोका गया। एसडीएम ने बताया कि 24 अप्रैल तक नामांकन पत्र लिए जाएंगे। 25 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि 27 अप्रैल को नाम वापसी व 28 अप्रैल को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
