भागवत कथा स्थल के पास पशुओं की अवैध कटाई को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा, अलीगढ़-पलवल मार्ग को किया जाम
- अधिकारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर एक घंटे बाद खुलवाया जाम
लोधा। क्षेत्र में हरिदासपुर पर ल्हौसरा मार्ग पर चल रहे 108 कुंडीय महालक्ष्मी धन वर्षा महायज्ञ एवं श्रीमद् भागवत कथा स्थल के पास हो रही पशुओं की अवैध कटाई को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश पनप गया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए अलीगढ़-पलवल हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर इलाका पुलिस के अलावा पुलिस के उच्चाधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वास देकर करीब एक घंटे बाद जाम को खुलवा दिया।
भागवत कथा व महायज्ञ को दूषित करने की साजिश
हरिदासपुर स्थित ल्हौसरा मार्ग पर 108 कुंडीय महालक्ष्मी धनवर्षा महायज्ञ व अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक इंद्रेश उपाध्याय के मुखाबिंदु से श्रीमद् भागवत कथा चल रही है। इससे ही कुछ दूरी पर पशुओं की अवैध कटाई की जारी थी। जानकारी पर बड़ी संख्या में हिंदुवादी नेता व ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों का आरोप था कि यहां पशुओं को लाकर लगातार काटा जा रहा है। जिसके कारण आसपास का माहौल खराब हो रहा है और महालक्ष्मी यज्ञ एवं भागवत कथा दूषित को दूषित करने की साजिश की जा रही है। अवैध कटान से नाराज लोगों ने पहले गांव की सड़क पर जाम लगाया और फिर अलीगढ़-पलवल हाईवे पर आकर जाम लगा दिया। उन्होंने जमकर नारेबाजी की और इसका विरोध जताया। इस दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गई। सूचना पर थाना पुलिस के अलावा कई थानाें की पुलिस फोर्स, एसपी सिटी कुलदीप गुनावत व सीओ गभाना सुमन कनौजिया मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हंगामा कर रहे ग्रामीणों को काफी समझाने के प्रयास किया, लेकिन वह आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करने लगे। जिस पर अधिकारियों ने आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर करीब एक घंटे बाद गुस्साएं ग्रामीणों शांत हुए और जाम को खोल दिया।
तीन आरोपियों को लिया हिरासत में
एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि कथा स्थल के पास मृत पशुओं को को लोडर में डाल रहे थे। तभी ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। पुलिस ने राजू, लाखन पुत्र ताराचंद व सिकंदर पुत्र कालीचरन को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ लोधा थाना में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।