सभासद बनने पर आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद से ली स्वैच्छिक सेवानिवृति, स्टाफकर्मियों ने दी भावभीनी विदाई
गभाना। नगर पंचायत गभाना के वार्ड नंबर 14 से सभासद बनने के बाद आंगनबाड़ी कार्यकत्री पद से स्वैच्छिक सेवानिवृति लेने पर शुक्रवार को तहसील सभागार में एक भव्य कार्यक्रम के मध्य स्टाफकर्मियों ने उन्हें भावभीन विदाई दी।
बता दें कि आनंदपुर निवासी स्नेहलता सिंह चौहान पत्नी भगत सिंह चौहान ने पिछले दिनों हुए नगर पंचायत चुनाव में वार्ड संख्या 14 आनंदपुर से सभासद से चुनाव जीता है। जिसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के पद से स्वैच्छिक सेवानिवृति ले ली।
शुक्रवार को तहसील सभागार में एक कार्यक्रम के मध्य सीडीपीओ अनिल दत्तात्रेय, सुपरबाइजर राजू वादयान व चंडौस ब्लाक की सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने फूलमाला, शाल पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्नेहलता सिंह की कार्यशैली व उनके मधुर व्यवहार के साथ ही विभाग के लिए दिए गए उनके योगदान की जमकर सराहना की। इस दौरान स्नेहलता चौहान भावुक हो गई उन्होंने कहा कि 27 साल तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पद पर रहकर काम किया। सभी साथी कर्मियों व अधिकारियों का प्रेम व स्नेह एक परिवार के सदस्य की तरह उन्हें मिलता रहा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब भी विभाग की सेवा करने का उन्हें मौका मिलेगा वह उसके लिए हमेशा मौजूद रहेंगी।
इस मौके पर राजकुमारी सिंह, सुधा सिंह, रेखा सिंह, कमलेश देवी, पवित्रा शर्मा, सत्यवती देवी, लता सिंह, अनीता सिंह, अखिलेश सिंह, वीरपाल सिंह, भगत सिंह चौहान, देववृत सिंह चौहान, सुधीर सिंह, सुरजीत सिंह, बीसी संजय कुमार, आदि मौजूद रहे।