वृद्ध का संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिला शव
जट्टारी। कस्बा में एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा हुआ मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार 80 वर्षीय हरचरन कजरारा रोड स्थित अपने भतीजे टीकम के साथ रह रहा था। टीकम की पत्नी के अनुसार साेमवार सुबह वह राशन डीलर के यहां राशन लेने के लिए गई थी, जबकि हरचरन को घर पर छोड़ गई थी। वापस आने पर वह घर पर नहीं मिले। जिस पर उनको काफी तलाश किया, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। शाम को खेत में एक वृद्ध का शव पड़ा होने की सूचना मिली। जिस पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने मृतक की शिनाख्त हरचरन के रूप में कर ली। जानकारी पर परिजन व इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई। चौकी प्रभारी दयाशंकर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा। वहीं वृद्ध की मौत को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।