रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

हमें संस्कृति और ॠषियों की बताई सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनानी चाहिए

इगलास। क्षेत्र के गांव तोछीगढ़ में परोपकार संस्था द्वारा शिक्षा के साथ संस्कार एवं स्वास्थ्य विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया। जिसमें बेहतर समाज के निर्माण हेतु क्षेत्र के प्रबुद्ध लोगों ने अपने विचार रखे। अध्यक्ष जतन चौधरी ने बताया कि आज वैश्विक परिदृश्य में भौतिकवादी जीवन शैली और उपभोक्तावादी प्रवृत्तियों के दौर में व्यक्तियों का स्वास्थ्य, शांति के साथ संस्कारित जीवन खतरे में पड़ता जा रहा है। पूर्व प्रशासनिक अधिकारी रहे अभिषेक राघव ने कहा कि योग व प्राणायाम शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के सर्वांगीण विकास में सहायक होता है। इंजी. लकी शर्मा ने कहा कि युवाओं की मोबाइल पर बढ़ती हुई निर्भरता और उसके प्रति अभिभावकों की उदासीनता, भविष्य में मानसिक और शारीरिक विकलांगता जैसे बड़े खतरे की ओर इशारा कर रही है। शिक्षक अतुल अग्निहोत्री ने कहा कि हमें अपनी संस्कृति और ॠषियों द्वारा बताई गई सादगीपूर्ण जीवनशैली अपनानी चाहिए। रघुनंदन प्रसाद शर्मा ने बताया कि मनुष्य में शिक्षा और संस्कार दोनों के विकास से समाज व देश का विकास होगा। इस अवसर पर मुरारी लाल शर्मा, मनोज तिवारी, मयंक चौधरी, लखनेश तिवारी, विनोद शर्मा, राजेंद्र सिंह, कन्हैया लाल शर्मा, हरिओम शर्मा, ओमप्रकाश आदि थे।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!