रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

विद्युत लाइन के 35 पोलों से तार चोरी, रिपोर्ट दर्ज

गभाना। क्षेत्र के मोरहना में बंबा के पास से निर्माणाधीन विद्युत लाइन के 35 पोलों से चोर तार को चोरी कर ले गए। मामले में संबंधित ठेकेदार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

थाना अकराबाद के बलरामपुरकोछोड़ निवासी मुनेंद्रपाल सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि विद्युत विभाग की सरकारी योजना के अंतर्गत इन दिनों गभाना क्षेत्र में विद्युत लाइन बनाने का कार्य चल रहा है। 20 अगस्त की रात में चोर माेरहना में बंबा के पास से 35 पोलाें से तार काटकर चोरी कर ले गए। इंस्पेक्टर राम कुंवर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, जांच की जा रही है।

बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज

खैर। अलीगढ़-पलवल मार्ग पर करवन नदी के पास माधव होटल के नजदीक खड़ी बाइक को चोर चुराकर ले गए। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।

बन्नादेवी के सूतमील बीमानगर गंदे नाले की पट्टी निवासी अाशीष कुमार कश्यप पुत्र रामसनेही ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 25 अगस्त को वह किसी काम से माधव होटल के पास आया था। जहां वह बाइक को खड़ी करके काम से चला गया। लौट कर देखा तो उसकी बाइक गायब मिली। जिसे देख उसके होश उड़ गए। उसने बाइक को काफी तलाश किया, लेकिन कहीं पता नहीं चल सका है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है, पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है।

घर में घुसकर नामजदों ने महिला के साथ की मारपीट, किया घायल

खैर। थाना क्षेत्र के गांव सोफा में नामजदों ने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला के बेटा के शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्षेत्र के गांव सोफा निवासी राधा देवी पत्नी पंकज चौहान ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 26 अगस्त की सुबह करीब तीन बजे वह घर में सो रही थी। तभी गांव के ही गुड्डू व दुष्यंत अपने दो अन्य साथियों के साथ घर में घुस आए। इस दौरान दुष्यंत ने उसका गला दबा दिया जबकि गुड्डू ने किसी वजनदार वस्तु से उसके सिर में जान मारने की नियत से प्रहार कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। चीख-पुकार सुनकर उसका बेटा चिराग जाग गया और उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिस पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। इंस्पेक्टर सुबोध कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है, मामले में जांच की जा रही है।

———

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!