डाक कांवड़ लेकर लौट रहे युवक को कार ने मारी टक्कर, बुझ गया घर का इकलौता चिराग
अतरौली। क्षेत्र में बीयर फैक्ट्री के पास डाक कांवड़ लेकर लौट रहे बाइक सवार तीन युवकों को कार ने रौंद दिया। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक परिवार का इकलौता चिराग था और वह परिवार का भरण-पोषण करता था।
मिली जानकारी के अनुसार क्वार्सी के गांव रामगढ़ पंजीपुर निवासी 21 वर्षीय नवनीत पुत्र कालीचरन मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके पिता व भाई की काफी पहले मौत हो चुकी है। रविवार को वह गांव के अन्य साथियों के साथ डाक कांवड़ लेने के लिए बुलंदशहर के रामघाट गया था। जहां से देर रात सभी कांवड़ लेकर लोधा खेरेश्वर मंदिर जा रहे थे। तभी रामघाट रोड पर बीयर फैक्ट्री के पहुंचे तभी पीछे से तेज गति से आ रही कार उनकी बाइक में टक्कर मारते हुए भाग गई। हादसे में नवनीत के अलावा उनका साथी अंशू समेत तीन लोग घायल हो गए। साथ में मौजूद अन्य साथी उन्हें उपचार को दीनदयाल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर सोमवार को नवनीत ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दोनों साथी का उपचार जारी है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक ने अपने पीछे बुजुर्ग मां को रोते हुए छोड़ा है।
———