महिला की वाहन की चपेट में आकर हुई मृत्यु
अलीगढ़। थाना बन्नादेवी क्षेत्र में कोल तहसील के पास जीटी पर किसी वाहन की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार मोहल्ला शिवपुरी निवासी अशोक कुमार एक दुकान पर नौकरी करते हैं। बुधवार शाम को उनकी पत्नी घर से बाजार सामान लेने के लिए गई थी। तभी कोल तहसील के पास जीटी रोड पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद राहगीर मौके पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने महिला को उपचार के लिए जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतक तीन बच्चों की मां थी।