रॉयल स्टार न्यूज : अलीगढ़ और गभाना क्षेत्र से इस समय की प्रमुख खबरें...

अपडेट- चंडौस में प्रसव के बाद महिला की हुई मौत, परिजनों व ग्रामीणों ने लगाया जाम

- अस्पताल संचालिका व कर्मियों पर कार्रवाई की मांग

चंडौस। कस्बा में एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों व ग्रामीणों ने अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का अारोप लगाते हुए चंडौस-दौरऊ मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीण अस्पताल संचालिका व कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार कस्बा के धोबी मोहल्ला निवासी सुरेश कुमार की 33 वर्षीय पत्नी पिंकी गर्भवती थी। मंगलवार को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उन्हें चंडौस-दौरऊ मार्ग पर रामपुर मोड़ के पास मां वैष्णों हॉस्पीटल में भर्ती करा दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला का बिना परीक्षण किए ही डॉक्टरों ने उसका ऑपरेशन कर दिया। जिसमें उसके बेटा पैदा हुआ। आरोप है कि बुधवार को पिंकी की हालत खराब होने पर अस्पताल कर्मियों ने दूसरे अस्पताल ले जाने की कहकर बाहर निकाल दिया। परिजन उसे उपचार को अलीगढ़ के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर शाम को पिंकी ने दम तोड़ दिया।

                                                                             मौके पर पहुंची सीओ गभाना सुमन कनौजिया परिजनों को समझाती हुई

गुस्साएं परिजन शव को लेकर कस्बा आ गए और शव को अस्पताल के सामने चंडौस-दौरऊ मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और हंगामा करने लगे। जानकारी पर भाजपा नेता जय शर्मा व ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। सूचना पाकर थाना पुलिस के अलावा गभाना थाना पुलिस व सीओ गभाना सुमन कनोजिया मौके पर पहुंच गई और हंगामा कर रहे परिजनों व ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अस्पताल संचालिका व अन्य कर्मियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग पर अड़े रहे।

तीन घंटे तक लगाया जाम

महिला की मौत के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने करीब तीन घंटे तक चंडौस-दौरऊ मार्ग को अवरूद्ध कर रखा। सीओ व थाना पुलिस ने गुस्साएं परिजनों व ग्रामीणों को अस्पताल संचालिका व कर्मचारियों पर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। तब कहीं जाकर परिजन व ग्रामीणों ने जाम को खोला।

सीओ सुमन कनौजिया ने बताया कि परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कर दिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। तहरीर के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!